ड्यूटी पर तैनात टीटीई से मारपीट, सरकारी उपकरण तोड़ा जीआरपी ने तीन यात्रियों को किया गिरफ्तार, ट्रेन 54 मिनट देरी से हुई रवाना

ललितपुर/झाँसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में चलती ट्रेन के भीतर ड्यूटी कर रहे टीटीई के साथ मारपीट और सरकारी उपकरण क्षतिग्रस्त करने का गंभीर मामला सामने आया है। ट्रेन संख्या 19435 में हुई इस घटना के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन रात 23:09 बजे रवाना हुई थी। इसी दौरान कोच संख्या WR 246489 (GS) में अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) की सूचना मिली। ट्रेन 23:22 बजे दोबारा रवाना हुई, लेकिन महज तीन मिनट बाद 23:25 बजे उसी कोच में फिर से चेन पुलिंग हो गई।

यात्रियों की शिकायत पर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई के लिए ड्यूटी पर तैनात टीटीई राम सजीवन यादव संबंधित कोच में पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद तीन यात्रियों ने उनके साथ मारपीट की और टिकट जांच एवं सरकारी कार्य में इस्तेमाल होने वाले हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा एवं परिचालन संबंधी व्यवस्था के तहत ललितपुर स्टेशन पर टीटीई को बदलकर दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई। इस पूरी प्रक्रिया के चलते ट्रेन रात 00:05 बजे रवाना हो सकी और उसे कुल 54 मिनट का विलंब हुआ।

रेल कर्मचारियों की सुरक्षा पर रेलवे सख्त

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता, धमकी अथवा सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। रेल कर्मचारी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित परिचालन के लिए निरंतर अपनी सेवाएं देते हैं। उनके साथ हिंसक व्यवहार से न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित होती है, बल्कि रेल परिचालन भी बाधित होता है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी शिकायत या असुविधा की स्थिति में अधिकृत शिकायत माध्यमों का सहारा लें और रेल कर्मचारियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखें।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *