बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण के नाम पर प्लेटफॉर्म-1 के स्टॉल और एक्सप्रेस फूड प्लाजा बंद, दूसरे प्लेटफॉर्मों पर फेरी से कारोबार जारी! रेलवे फीस बचाने का खेल तो नहीं? 40 दिन तक प्लेटफॉर्म नंबर-1 से ट्रेनों का आवागमन बंद, प्रतीक्षालय में बैठे यात्री चाय-खाने के लिए परेशान सभी प्लेटफॉर्मों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है प्लेटफॉर्म नंबर-1, खानपान की दुकानें बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं

   

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। करीब 40 दिनों तक चलने वाले इस निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म नंबर-1 से फिलहाल ट्रेनों का आवागमन बंद रहेगा। ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर-6 और 7 सहित अन्य निर्धारित प्लेटफॉर्मों से किया जा रहा है।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 की भूमिका स्टेशन पर काफी महत्वपूर्ण है। यात्रियों को दूसरे प्लेटफॉर्मों तक पहुंचने के लिए भी इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना पड़ता है। यहां बने प्रतीक्षालय में यात्री बैठकर अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन खानपान की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संचालित लाइसेंसधारकों ने अपने खानपान स्टॉल और एक्सप्रेस फूड प्लाजा बंद कर दिए हैं। इससे प्रतीक्षालय में बैठे यात्रियों को चाय, पानी और भोजन के लिए दूसरे प्लेटफॉर्मों की ओर जाना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दुकानें बंद होने के बावजूद लाइसेंसधारकों द्वारा दूसरे प्लेटफॉर्मों पर अपने वेंडरों से फेरी लगवाकर चाय और खाना बिकवाया जा रहा है। यानी एक प्लेटफॉर्म पर दुकानें बंद हैं, जबकि दूसरे प्लेटफॉर्मों पर फेरी के माध्यम से कारोबार जारी है।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण की अवधि में प्लेटफॉर्म नंबर-1 के स्टॉल बंद रखकर लाइसेंसधारक रेलवे की निर्धारित लाइसेंस फीस बचाने का प्रयास कर रहे हैं? हालांकि, इस संबंध में रेलवे के नियमों और लाइसेंसधारकों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

रेलवे के वाणिज्य विभाग को बताना चाहिए कि निर्माण अवधि में बंद दुकानों की लाइसेंस फीस का क्या प्रावधान है और दूसरे प्लेटफॉर्मों पर फेरी लगाकर खानपान सामग्री बेचने की अनुमति किन शर्तों पर दी गई है। निर्माण कार्य अपनी जगह जरूरी है, लेकिन यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी भी उचित नहीं है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *